Tuesday, 22 November 2016

प्रवक्ता.कॉम के 8 वर्ष पूरे : सशक्त होता नया मीडिया


8 वर्ष पूर्व दिल्ली के पहाड़गंज में, आराम बाग कॉलोनी में एक कमरे में एक लैपटॉप से शुरू हुई कोशिश आज मीडिया, साहित्य एवं हिंदी बौद्धिक जगत में एक सशक्त आवाज़ बन गयी है. जी हाँ प्रवक्ता.कॉम आज वास्तव में अपने ध्येय वाक्य "अभिव्यक्ति का अपना मंच" को सार्थक कर रहा है. इस प्रसिद्ध हिंदी पोर्टल के 8 वर्ष पूरे होने पर 19 नवंबर 2016 को नई दिल्ली के कंस्टीट्यूशन क्लब में "मीडिया और राष्ट्रीय सुरक्षा" विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया. इस संगोष्ठी के सफल आयोजन के लिए 'इंडियन मीडिया फोरम' की ओर से प्रवक्ता के संस्थापक एवं प्रबंध संपादक श्री भारत भूषण, संपादक श्री संजीव सिन्हा जी को बहुत बहुत बधाई.

इस संगोष्ठी की अध्यक्षता, दिल्ली में पत्रकारों की फैक्ट्री यानि इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ मास कम्युनिकेशन (आईआईएमसी) के महानिदेशक श्री के. जी. सुरेश ने की. राष्ट्रीय पत्रकार यूनियन (एनजेयू) के अध्यक्ष श्री रासबिहारी, वरिष्ठ पत्रकार और समीक्षक श्री अनंत विजय, पटकथा लेखक सुश्री अद्वैता काला, नवभारत टाइम्स के पूर्व संपादक डॉ. नंदकिशोर त्रिखा, दूरदर्शन के अतिरिक्त महानिदेशक श्री रंजन मुखर्जी, छत्तीसगढ़ से सांसद श्री चंदूलाल साहू आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे. 

कार्यक्रम का संचालन माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल के प्राध्यापक डॉ सौरभ मालवीय ने किया. प्रवक्ता.कॉम के अनुसार इस संगोष्ठी में अनेक पत्रकार, लेखक, वेब मीडिया और सोशल मीडिया के अनेकों हस्ताक्षर उपस्थित रहे. इंडियन मीडिया फोरम के अनेक साथी भी इस संगोष्ठी का हिस्सा बने.

वास्तव में इंडियन मीडिया फोरम (आईएमएफ) भी प्रवक्ता.कॉम का एक हमराही है. आईएमएफ की यात्रा भी कमोबेश प्रवक्ता.कॉम के साथ-साथ ही चली है. प्रवक्ता.कॉम ने आईएमएफ की बैठकों, गोष्ठियों, कार्यशालाओं में भाग लेने वाले युवा पत्रकारों को लेखन का एक बड़ा, विस्तृत, स्वतंत्र और स्तरीय मंच उपलब्ध कराया जहाँ भविष्य के पत्रकार खुलकर अपनी उड़ान भर सके.

No comments:

Post a Comment